गोण्डा। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोण्डा के बीएड विभाग में सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन नगर पालिका परिषद गोण्डा एवं आईटीसी की टेक्निकल पार्टनर टीम के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराने के साथ समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बीएड विभाग के छात्राध्यापकों एवं छात्राध्यापिकाओं को स्वच्छता के महत्व, सफाई व्यवस्था तथा समाज को स्वच्छता के प्रति संवेदनशील बनाने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्रतिभागियों का शॉर्ट टेस्ट भी कराया गया, जिसके माध्यम से स्वच्छता संबंधी उनकी जानकारी एवं समझ का आकलन किया गया।
आईटीसी की टेक्निकल पार्टनर टीम ने छात्र-छात्राओं को समाज के लोगों के बीच जाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान चलाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में आईटीसी की टेक्निकल पार्टनर टीम के शुभम मिश्रा, अक्षय मिश्रा, अमरीश चंद्र यादव, रत्नेश यादव एवं शौर्य शुक्ला का विशेष सहयोग रहा। वहीं बीएड विभाग के प्राध्यापक राजेन्द्र मिश्र एवं प्रतिभा सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की सफलता पर प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर जितेंद्र सिंह, मुख्य नियंता एवं बीएड विभागाध्यक्ष प्रो. संदीप कुमार श्रीवास्तव तथा नगर पालिका परिषद गोण्डा की ब्रांड एम्बेसडर डॉ. रेखा शर्मा ने आयोजकों एवं प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। छात्र-छात्राएं समाज में जागरूकता फैलाकर स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बना सकते हैं।
रिपोर्ट/ महेश गोस्वामी (बाबा जी)
