गोण्डा। भारतीय मजदूर संघ के मंत्री प्रदीप राय के विरुद्ध नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों से अवैध धन वसूली कर करोड़ों रुपये की कथित ठगी और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों को लेकर श्रमायुक्त, उत्तर प्रदेश को एक शिकायत पत्र भेजा गया है। शिकायत में एसआईटी गठित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रदीप राय ने मैजापुर चीनी मिल में स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपये वसूले। प्रार्थना पत्र में ओम प्रकाश तिवारी, राजेश कुमार मिश्रा, बालकराम तथा संदीप सिंह सहित कई लोगों से धन लेने का आरोप लगाया गया है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि थाना कटरा बाजार में 249/18 में धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में एक मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसका हवाला शिकायत में दिया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कथित ठगी से अर्जित धन से प्रदीप राय एवं उनके करीबी रिश्तेदारों के नाम पर संपत्तियां खरीदी गई हैं। पत्र में इन संपत्तियों की भी जांच कराने की मांग की गई है। अब इस मामले में श्रमायुक्त के स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
