एक देश, एक शिक्षा और एक सिलेबस लागू करने की उठी मांग, एक्सप्रेसवे व शराब नीति पर भी सवाल
लखनऊ। भारतीय जन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजमोहन सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला एवं सत्र न्यायालय, मंदिर लेन गेट नंबर-3, सिविल कोर्ट लखनऊ में पार्टी के विधि प्रकोष्ठ की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था, भ्रष्टाचार, एक्सप्रेसवे निर्माण, शराब नीति, पेपर लीक सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए गए। अधिवक्ताओं ने कई मांगें रखते हुए जनहित के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने की बात कही।
बैठक में सीनियर अधिवक्ता पवन कुमार श्रीवास्तव, अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव और अधिवक्ता विनोद श्रीवास्तव ने शिक्षा व्यवस्था में समानता की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि देश में एक देश, एक शिक्षा और एक सिलेबस की व्यवस्था लागू होनी चाहिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और संपन्न वर्ग के बच्चों को शिक्षा के समान अवसर मिल सकें।
एक्सप्रेसवे निर्माण को लेकर अधिवक्ता शीलू सिंह ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ लागत की वसूली की जानी चाहिए।
शराब नीति को लेकर अधिवक्ता चनप्रीत दुआ ने अलग-अलग स्थानों पर शराब बिक्री के समय को लेकर सवाल उठाते हुए समान नियम लागू किए जाने की मांग की। वहीं, डिप्टी सीएम के ई-रिक्शा संबंधी बयान पर अधिवक्ता आयूष प्रताप सिंह ने आपत्ति जताते हुए इसे लेकर सरकार से गंभीरता से विचार करने की मांग की।
पेपर लीक के मुद्दे पर अधिवक्ता रेयांश ने कहा कि परीक्षा के दौरान पेपर लीक होने की स्थिति में केवल परीक्षा रद्द करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क के साथ यात्रा एवं अन्य खर्च की भरपाई किए जाने तथा पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पार्टी के विधि सलाहकार जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय जन समाज पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कोर्ट से लेकर सड़क तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और जनहित के मुद्दों पर समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में किजय सिंह, दीपांशु सिंह, राजकुमार मौर्य (रक्तदाता, बीकेटी) सहित दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी ने बैठक में रखे गए प्रस्तावों का समर्थन किया।
