मनकापुर (गोण्डा)। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। ग्रामसभा मनकापुर के पीलखाना आईटीआई फैक्ट्री रोड स्थित व्यस्त चौराहे पर लगा सरकारी इंडिया मार्का हैंडपंप धीरे-धीरे जमीन में समाता जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल इस स्थान की बदहाली पर अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि की नजर नहीं पड़ी है स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य मार्ग पर सैकड़ों परिवार निवास करते हैं, लेकिन आज तक यहां समुचित नाली निर्माण और जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं कराई गई। बरसात के मौसम में सड़क और आसपास का क्षेत्र जलभराव की चपेट में आ जाता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब सरकारी नल ही धरती में समाता जा रहा है तो विकास कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था और अन्य आवश्यक विकास कार्य कराने की मांग की है।अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे या फिर विकास के दावे केवल कागजों तक ही सीमित रहेंगे।
