गोंडा। पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे वृद्धजन सहायता एवं सुरक्षा अभियान के तहत सोमवार को थाना कटरा बाजार क्षेत्र में कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट द्वारा विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम वीरपुर, वार्ड नंबर-8 में पहुंची पुलिस टीम ने बुजुर्ग एवं असहाय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें शासन और पुलिस प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज अभिषेक दवाचिया एवं प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार मनोज पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बुजुर्गों को पुलिस हेल्पलाइन सेवाओं, आपातकालीन सहायता व्यवस्था तथा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में पुलिस तत्काल सहायता के लिए उपलब्ध रहेगी।कार्यक्रम के दौरान कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट के उपनिरीक्षक संजय कुमार राय, आरक्षी विजेंद्र, आरक्षी पंकज यादव एवं रिक्रूट महिला आरक्षी बीना राणा ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना। साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस मानवीय और जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना और अधिक मजबूत होती है।
