गोण्डा। भारतीय जनता पार्टी के बड़गांव स्थित कार्यालय में स्वर्गीय प्रेम चौरसिया (पूर्व सभासद एवं पूर्व जिला कार्यसमिति सदस्य) की 21वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता उनकी धर्मपत्नी शांति देवी चौरसिया ने की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शांति देवी चौरसिया ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. प्रेम चौरसिया का जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित रहा। वे हमेशा शोषित, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे। उन्होंने वर्ष 1985 से भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़कर संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सरल स्वभाव, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण को आज भी लोग याद करते हैं।
कार्यक्रम में शेष चौरसिया, ऋषि चौरसिया, सचिन चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
