Type Here to Get Search Results !

 

प्रभात लाइव न्यूज़ में आप सभी का स्वागत हैं खबर व विज्ञापन चलवाने के लिए संपर्क करें आगे दी गयी लिंक पर क्लिक करें | Contact Us (prabhatlivenews.blogspot.com)  9839412404


सेवा संकल्प अभियान” के अन्तर्गत विभिन्न विकासखण्डों में आयोजित हुए साप्ताहिक सेवा शिविर

*“सेवा संकल्प अभियान” के अन्तर्गत विभिन्न विकासखण्डों में आयोजित हुए साप्ताहिक सेवा शिविर*


*विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिली योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं*


*पात्र लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का हुआ सम्मान*


*गोण्डा 02 अक्टूबर,2026*। जनपद में आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अन्तर्गत विकासखण्ड पण्डरीकृपाल, झंझरी, हलधरमऊ एवं परसपुर में साप्ताहिक सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की उपस्थिति में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया तथा ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

विकासखण्ड पण्डरीकृपाल एवं झंझरी में माननीय विधायक गोण्डा सदर श्री प्रतीक भूषण सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा जिला विकास अधिकारी श्री आदित्य तिवारी एवं डीसी एनआरएलएम श्री जे.एन. राव की उपस्थिति में साप्ताहिक सेवा शिविर आयोजित किया गया। 

वहीं विकासखण्ड हलधरमऊ में माननीय विधायक कटरा बाजार श्री बावन सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा खण्ड विकास अधिकारी श्री देव नायक सिंह की उपस्थिति में शिविर आयोजित हुआ। विकासखण्ड परसपुर में भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में साप्ताहिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया।

विकासखण्ड झंझरी सहित अन्य आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं के स्टॉल लगाए गए। ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, विद्युत विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आवश्यकतानुसार आवेदन एवं लाभ दिलाने की कार्यवाही की गई।
शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा योजनाओं के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक भी किया गया।

सेवा शिविरों के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया। लाभार्थियों को आवास स्वीकृत प्रमाण पत्र वितरित किए गए। क्षय रोग से पीड़ित मरीजों को पोषण पोटली प्रदान की गई। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा कृषि विभाग के लाभार्थियों को मिनी किट प्रदान की गई।
इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकत्रियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविरों में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। 

“सेवा संकल्प अभियान” के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि पात्र प्रत्येक व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.