मनकापुर (गोण्डा)। बलरामपुर चीनी मिल की इकाई मैजापुर चीनी मिल के तत्वावधान में बुधवार, 12 अगस्त 2026 को ग्राम बेसियाचैन में विशाल कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का नेतृत्व इकाई के महाप्रबंधक गन्ना श्री पी.के. प्रभात ने किया। कार्यक्रम में सहायक गन्ना विकास अधिकारी श्री सचिन मिश्रा एवं श्री अमित शुक्ला सहित क्षेत्र के सैकड़ों प्रगतिशील गन्ना कृषकों ने प्रतिभाग किया।गोष्ठी में किसानों को शरदकालीन गन्ना बुवाई के लाभ, उपयुक्त समय, बीज की मात्रा तथा उन्नत प्रजातियों के चयन की जानकारी दी गई। साथ ही फसल में समय से मिट्टी चढ़ाने तथा ड्रिप एवं सप्लाई सिंचाई के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
अधिकारियों ने गन्ना क्षेत्र के सर्वे, सट्टा, प्रदर्शन प्लॉट एवं बेसिक कोटा निर्धारण की प्रक्रिया भी किसानों को समझाई। पेड़ी एवं पौधा फसल के बेहतर रखरखाव, उत्पादन बढ़ाने और लागत कम करने के उपाय बताए गए। किसानों से खेतों का नियमित निरीक्षण कर समय-समय पर आवश्यक सुधार करने की अपील की गई।
महाप्रबंधक गन्ना पी.के. प्रभात ने कहा कि चीनी मिल किसानों की हरसंभव सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने किसानों से सरकार एवं चीनी मिल की योजनाओं का लाभ उठाकर गन्ना उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं श्री सचिन मिश्रा ने गन्ना विकास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी कृषकों का आभार व्यक्त किया गया।
