गोण्डा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से संचालित 35 करोड़ वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत सोमवार को बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड, इकाई मैजापुर परिसर में वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 13,200 पौधों के वृक्षारोपण अभियान का भव्य समापन किया गया। कार्यक्रम में आम, सागौन, पीपल, पाकड़, जामुन, अमरूद, कदम्ब, अर्जुन एवं यूकेलिप्टिस सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा राधेश्याम राय, सहायक निदेशक कारखाना अयोध्या मण्डल अनन्त कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी करनैलगंज आनंद राय तथा प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार मनोज पाठक ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने मैजापुर चीनी मिल द्वारा 13,200 पौधों के सफल रोपण की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री के 35 करोड़ वृक्षारोपण अभियान को जनसहभागिता से सफल बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक संदीप अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे।वृक्षारोपण अभियान में चीनी मिल के महाप्रबंधक मुकेश कुमार झुनझुनवाला, प्रभाकर कुमार प्रभात, संतोष कुमार सिंह, अनुज कुमार पुंडीर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया, जिससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
