संतोष कुमार शुक्ल की खास रिपोर्ट
मनकापुर गोंडा .मसकनवां की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ब्रांच कमेटी गौरा विधानसभा के तत्वाधान में महान क्रांतिकारी शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120 वीं जयंती पटखौली बाजार में बृहस्पतिवार को मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शहीद चंद्रशेखर आजाद के चित्र पर पुष्प अर्पित करके इंकलाब जिंदाबाद, साम्राज्यवाद, तानाशाही मुर्दाबाद, शहीद तेरे अरमानों को मंजिल तक पहुंचाएंगे सहित अन्य नारे लगाए। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए माकपा जिला सचिव मंडल सदस्य कामरेड खगेंद्र जनवादी ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद का जीवन केवल अंग्रेजी हुकूमत से देश को आजाद करने के संघर्ष तक सीमित नहीं था, बल्कि वह एक ऐसे समाज के निर्माण का सपना देखते थे जिसमें शोषण, असमानता, और अन्याय के लिए कोई स्थान न हो। जिला कमेटी सदस्य कामरेड आशीष सिंह ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद ने शहीदे आजम भगत सिंह और अन्य क्रांतिकारी साथियों के साथ मिलकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन से जुड़े क्रांतिकारियों का उद्देश्य राजनैतिक आजादी के साथ एक ऐसे समाज की स्थापना करना था, जहां मेहनतकशों, किसानों, और आम जनमानस को को सम्मान, समानता और न्याय मिल सके।कामरेड योगेंद्र वर्मा ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद और उनके साथियों में समाजवादी चेतना स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी। उनका संघर्ष केवल सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं बल्कि शोषण मुक्त और समता मूलक समाज के निर्माण के व्यापक उद्देश्य से जुड़ा था। शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए सांप्रदायिक, जातिवादी और पूंजीवादी ताकतों को शिकस्त देकर एक शोषण मुक्त समाज की स्थापना करना होगा। इस अवसर पर आशीष सिंह एडवोकेट, योगेंद्र वर्मा एडवोकेट, योगराज वर्मा, आलोक, विश्वनाथ, सुनील, नीलम, मिथुन गुप्त, राकेश, घनश्याम जायसवाल, विशाल चौहान, विनोद, सुभाष, राधेश्याम आदि उपस्थित रहे।
