मनकापुर, गोंडा। गौरा विधानसभा क्षेत्र के मसकनवां बाजार स्थित रेलवे समपार फाटक पर लंबे समय से लोगों को जाम और आवागमन की भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब इस समस्या से राहत दिलाने के लिए बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज निर्माण कार्य की तैयारी शुरू हो गई है। क्षेत्रवासियों में इसको लेकर खुशी का माहौल है।
बताया जा रहा है कि भारत सरकार के केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री Kirti Vardhan Singh और गौरा विधायक Prabhat Verma के प्रयासों से करोड़ों रुपये का बजट स्वीकृत कराया गया था। मार्च माह में इस परियोजना को हरी झंडी मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ी, लेकिन कुछ लोगों द्वारा पुल के स्थान को लेकर आपत्ति जताई गई और मामला हाईकोर्ट लखनऊ तक पहुंच गया।
इस बीच मसकनवां निवासी समाजसेवी अंकित उपाध्याय ने जनहित याचिका दाखिल कर स्टे ऑर्डर के खिलाफ मजबूती से पैरवी की। उनके प्रयासों के बाद निर्माण कार्य में आ रही सभी बाधाएं समाप्त हो गईं। ओवरब्रिज निर्माण का रास्ता साफ होते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। अंकित उपाध्याय और उनकी टीम ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई तथा केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह और विधायक प्रभात वर्मा को बधाई दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज बनने से जाम की समस्या खत्म होगी और आवागमन सुगम बनेगा।
