आगामी त्योहार ईद-उल-फितर के मुबारक मौके पर उतरौला की संस्था सुल्तान-ए-हिंद फाउंडेशन की ओर से गरीब जरूरतमंदों में ईद की सेवइयां वितरित की गईं। संस्था द्वारा बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों तक सेवइयां पहुंचाई गईं, ताकि वे भी ईद की खुशियों में शामिल हो सकें। सेवईं वितरण के दौरान अलिफजोत उतरौला ग्रामीण स्थित अबरार मस्जिद के इमाम तथा जामिया अहले सुन्नत गुलशन तैयबा फातिमा के प्रिंसिपल मौलाना नूरुद्दीन इस्माइली ने कहा कि ईद-उल-फितर खुशी, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देने वाला महान इस्लामी त्योहार है। उन्होंने कहा कि इस मुबारक मौके पर जरूरतमंदों और गरीबों को खुशियों में शामिल करना एक बड़ी नेकी और इस्लामी शिक्षाओं का अहम हिस्सा है।
सुल्ताने हिंद फाउंडेशन के जिम्मेदार मुहम्मद आसिफ, एडवोकेट मुहम्मद अफजल व मोहम्मद जावेद के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर जरूरतमंद परिवारों तक सेवइयां पहुंचाईं। फाउंडेशन के जिम्मेदारों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के कमजोर और गरीब वर्ग की सहायता करना और ईद की खुशियां हर घर तक पहुंचाना है। कहा कि इस प्रकार के भलाई कार्य समाज में प्रेम, सहानुभूति और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए अल्लाह तआला से इस नेक कार्य को कबूल करने और फाउंडेशन को आगे भी सेवा कार्य करते रहने की दुआ की। इस अवसर पर सुल्तान-ए-हिंद फाउंडेशन के सभी जिम्मेदार मौजूद रहे।
