बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने देवीपाटन शक्तिपीठ स्थित माँ पाटेश्वरी मंदिर में उन्हें बलरामपुर जनपद का नया आधिकारिक लोगो भेंट किया। मुख्यमंत्री ने जिले की पहचान और विरासत को दर्शाने वाले इस प्रयास की सराहना की।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह लोगो बलरामपुर की सांस्कृतिक विरासत, कृषि प्रधानता और प्राकृतिक संपदा को दर्शाता है। लोगो में गन्ने का डंठल जिले की कृषि और गन्ना उत्पादन में अग्रणी भूमिका को प्रदर्शित करता है। वहीं दिव्य नेत्र और तिलक देवीपाटन मंदिर की आध्यात्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक हैं।
लोगो के निचले हिस्से में बनी नीली तरंगें राप्ती नदी को दर्शाती हैं, जो जिले की जीवनरेखा मानी जाती है और क्षेत्र की उपजाऊ भूमि को पोषित करती है। इसके साथ ही बाघ के पंजे का चिह्न सोहेलवा वन्यजीव अभयारण्य की समृद्ध जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को प्रस्तुत करता है।पूरा लोगो अंग्रेजी के अक्षर “B” के आकार में तैयार किया गया है, जो बलरामपुर की पहचान को दर्शाता है। प्रशासन के अनुसार अब इस लोगो का उपयोग डिजिटल प्लेटफॉर्म, सरकारी आयोजनों और सार्वजनिक प्रदर्शनों में जिले की ब्रांडिंग के लिए किया जाएगा, जिससे बलरामपुर की पहचान को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर मजबूती मिलेगी।
