करनैलगंज(गोण्डा)। जनपद गोण्डा के परसपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम कड़रु में स्थित नेताजी सुभाष संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की दयनीय दशा की खबर का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी कार्नलगंज ने जांच के आदेश दिए हैं। आपको बता दें विगत दिनों विभिन्न मीडिया संस्थानों में संस्कृत विद्यालय की खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। खबरो के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। उप जिलाधिकारी द्वारा खण्ड शिक्षा अधिकारी परसपुर को तत्काल प्रभाव से जांच के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कडरू मे स्थित नेताजी सुभाष संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य सहित कुल पाँच शिक्षकों की तैनाती है। कागजों में जहाँ 118 छात्र नामांकित दिखाए गए हैं, वहीं मौके पर एक भी छात्र मौजूद नहीं मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय कभी-कभार ही खुलता है और भवन की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। साथ ही विद्यालय के प्रबंधक ने विद्यालय के मान्यता पर भी सवाल उठाए थे। उप जिलाधिकारी कार्नलगंज नेहा मिश्रा ने मामले को गंभीर मानते हुए निर्देश दिया है कि विद्यालय की भौतिक सत्यापन सहित संपूर्ण जांच एक सप्ताह के भीतर पूरी कर स्पष्ट व तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है वहीं ग्रामीणों ने भी जांच की कार्रवाई का स्वागत किया है। खंड शिक्षा अधिकारी परसपुर में बताया कि पत्र मिला है। मामले की जांच की जाएगी।
