लखनऊ।
भारतीय जन समाज पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नौशाद अहमद खान को पार्टी का प्रदेश सचिव मनोनीत किया है। यह नियुक्ति लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की गई, जहाँ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजमोहन सिंह ने उन्हें माला पहनाकर नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजमोहन सिंह ने कहा कि भारतीय जन समाज पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह से सक्रिय है। इसी क्रम में वे प्रदेश स्तर पर लगातार दौरे कर रहे हैं और संगठन के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नौशाद अहमद खान की नियुक्ति से पार्टी को संगठनात्मक मजबूती मिलेगी और जनसंपर्क को और गति प्राप्त होगी।
बृजमोहन सिंह ने नवमनोनीत प्रदेश सचिव नौशाद अहमद खान को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की और पार्टी की नीतियों व विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पार्टी के मीडिया सलाहकार विवेक सिंह, आशीष तिवारी, प्रमोद यादव, सत्य प्रकाश शर्मा, डॉ. जितेंद्र बाजपेई सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान मोहम्मद इस्लाम सत्य प्रकाश शर्मा को सक्रिय सदस्यता दिलाई गई और पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
पार्टी नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में भारतीय जन समाज पार्टी प्रदेश भर में संगठन विस्तार अभियान को और तेज करेगी तथा जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाकर एक सशक्त राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत करेगी।
