पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल के निर्देश पर जिले में बाल श्रम, मानव तस्करी और भिक्षावृत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को थाना कटरा बाजार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई हुई। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम ने श्रम विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन और अपराजिता सामाजिक समिति के साथ मिलकर बाजार की दुकानों, होटलों व ढाबों की संयुक्त चेकिंग की।चेकिंग के दौरान दो सेवा नियोजकों (दुकानदारों) द्वारा 5 नाबालिग बच्चों से बाल श्रम कराए जाने की पुष्टि हुई। श्रम प्रवर्तन अधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने मौके पर ही दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए निरीक्षण टिप्पणी (चालान) काटा। बच्चों को तत्काल मुक्त कराया गया और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) मनोज कुमार रावत के मार्गदर्शन में चलाए गए इस जन-जागरूकता अभियान में सैकड़ों दुकानदारों-होटल संचालकों से सीधा संवाद किया गया। उन्हें बाल श्रम निषेध अधिनियम की कड़ाई से जानकारी दी गई और “बचपन बचाओ, शिक्षा दिलाओ – पढ़ेगा भारत तभी बढ़ेगा भारत” का संदेश दिया गया।AHTU प्रभारी ने लोगों से अपील की कि यदि कोई चाय की दुकान, होटल या ढाबे पर 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चे काम करते दिखें तो तुरंत चाइल्डलाइन 1098, आपातकालीन नंबर 112 या महिला हेल्पलाइन 1090 पर सूचना दें। अभियान में 112, 181, 1076, 108, 1930 जैसी अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी जनता को दी गई।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान पूरे जिले में निरंतर चलेगा और बाल श्रम कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
