महेश गोस्वामी मृदुल की रिपोर्ट
कर्नलगंज/गोंडा।। स्थानीय कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम हीरापुर शाहपुर के मजरा भयापुरवा निवासी पीड़ित अशोक कुमार ने थाने की पुलिस से न्याय ना मिलने पर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। जिसमें कहा गया है कि बीते सोमवार को गांव को जाने वाले मार्ग पर गांव के ही कुछ दबंग किस्म के लोग पक्का मकान बनाने के लिये नींव की खोदाई करने लगे। मना करने पर दबंग फरसा, गंड़ासा, फावड़ा व लाठी डंडा लेकर उसे दौड़ा लिये। वह भाग कर अपने घर के अंदर चला गया, जिसका पीछा करते हुए दबंग भी घर में घुस गये और फावड़ा से हमला करके उसे मारने लगे। हल्ला गुहार पर गांव के लोग पहुंचे और छुड़ाये तब उसकी जान बची। पीड़ित का आरोप है कि वह कोतवाली में तहरीर देने गया जहां उसके हल्के में तैनात दीवान ने उसकी तहरीर फाड़कर फेंक दिया और उल्टे उसी की पिटाई करके करीब 8 बजे रात्रि तक कोतवाली में बैठाये रहे। इस तरह पुलिस के शह पर पक्की नींव भरवाकर दबंग रास्ता बंद कर रहे हैं। पीड़ित के अनुसार थाना कर्नलगंज की पुलिस से दबंगो की मिलीभगत होने से उनके प्रभाव में कार्य करने के चलते पीड़ित की कोई सुनवाई ना होने पर पुलिस कप्तान से न्याय की गुहार लगाई गई है। अब देखना यह है कि जिले के तेजतर्रार और अपराध के प्रति काफी सख्त कहे जाने वाले जिले के पुलिस मुखिया से पीड़ित को न्याय मिलता है या नहीं अथवा खुद को मित्र पुलिस कहलाने वाली पुलिस की न्यायप्रणाली केवल कोरी बयानबाजी तक ही सीमित रहती है?? यह यक्ष प्रश्न है।
