जरवल रोड में खुलेआम बिक रहा गांजा और चिप्पड़, वीडियो वायरल होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
बहराइच। जनपद बहराइच के थाना जरवल रोड क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। हैरानी की बात यह है कि थाना गेट से महज 100 मीटर से भी कम दूरी पर कथित तौर पर खुलेआम गांजा और चिप्पड़ की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब थाने के इतने करीब कथित रूप से अवैध नशे का कारोबार संचालित होने की बात सामने आ रही है, तो आखिर जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ रही है? क्या पुलिस को इस गतिविधि की जानकारी नहीं है या फिर शिकायतों और वायरल वीडियो के बावजूद कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है?
क्षेत्र में नशे के इस कथित कारोबार को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। युवाओं के भविष्य और सामाजिक वातावरण पर इसके संभावित दुष्प्रभाव को देखते हुए मामले को गंभीरता से लेना जरूरी है।
अब सवाल सीधे पुलिस प्रशासन से है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कब होगी? अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कब की जाएगी? साथ ही संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय होगी या नहीं?
अब देखना यह है कि वायरल वीडियो पर पुलिस प्रशासन संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है या फिर थाना गेट के सामने उठ रहे ये सवाल यूं ही अनुत्तरित रह जाते हैं।
