पिछले तीन-चार दिनों से लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते गन्ने की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। खेतों में गन्ना गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में गन्ना अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी है कि वे जल्द से जल्द गिरे हुए गन्ने को उठवाकर उसकी बंधाई कराएं, ताकि पैदावार में होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
श्री राजीव कुमार त्यागी न्यू स्वदेशी शुगर मिल (नरकटियागंज) कार्यपालक उपाध्यक्ष के अनुसार, गन्ना गिरकर खेतों में पड़े रहने से उसकी पैदावार प्रभावित होती है और लगभग 15 से 20 प्रतिशत तक नुकसान होने की आशंका रहती है। इसके अलावा जंगली जानवरों से भी फसल को नुकसान पहुंच सकता है। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया है कि मिल का स्टाफ इस कार्य में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार है।
मिल अधिकारियों ने बीज के लिए तैयार किए गए गन्ने को भी जल्द उठवाने की अपील की है, जिससे आगामी बुवाई के लिए अच्छी गुणवत्ता का बीज मिल सके। गिरा हुआ गन्ना बीज के लिए उपयुक्त नहीं माना जाता है।
उन्होंने बताया कि जिन खेतों में गहरी जुताई की गई थी और मिट्टी चढ़ाई गई थी, वहां गन्ने के गिरने की समस्या अपेक्षाकृत कम देखी गई। आगामी कार्तिक माह में गन्ने की बुवाई करने वाले किसानों को सलाह दी गई है कि वे गहरी जुताई कराकर गन्ने की रोपाई करें, ताकि फसल तेज हवाओं में गिरने से बच सके और बेहतर पैदावार प्राप्त हो।
