कटरा बाजार, गोण्डा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में भारतीय इंटर कॉलेज, कटरा बाजार, गोण्डा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं एवं आशा बहुओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और मिशन शक्ति फेज-6.0 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, आरक्षी आनन्द, महिला आरक्षी अनीता बाजपेई और महिला आरक्षी अंजली ने छात्राओं एवं आशा बहुओं को जागरूक किया। इस दौरान मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को समझाते हुए महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि इस योजना का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को निःशुल्क मार्गदर्शन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता करना है।
कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया। पुलिस कर्मियों ने जागरूकता को महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।
मिशन शक्ति फेज-6.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक बनाकर उन्हें सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।
