रिपोर्ट / महेश गोस्वामी
गोण्डा, 26 अगस्त। कटरा बाजार थाना पुलिस एवं अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अस्तित्वहीन फर्म का जीएसटी पंजीकरण कराने और सरकार को करोड़ों रुपये की राजस्व क्षति पहुंचाने के षड्यंत्र के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गोण्डा के निर्देश पर धोखाधड़ी एवं कूटरचना से जुड़े अपराधों में प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी नगर एवं प्रभारी निरीक्षक थाना कटरा बाजार के निर्देशन में साइबर व सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही थी।पुलिस ने बताया कि थाना कटरा बाजार में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 173/2025, धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2) एवं 61(2) बीएनएस से संबंधित आरोपी कुन्दन झा पुत्र बैदनाथ झा, निवासी स्वरूप बिहार, थाना स्वरूप नगर, उत्तरी दिल्ली, उम्र करीब 32 वर्ष को 25 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया।मामले में आरोप है कि एस.आर. इंटरप्राइजेज नामक अस्तित्वहीन/फर्जी फर्म का जीएसटी पंजीकरण कूटरचित एवं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कराने का षड्यंत्र रचा गया, जिससे राजस्व को करोड़ों रुपये की क्षति पहुंचाने का प्रयास किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विक्रमादित्य एवं उपनिरीक्षक अंगद सिंह, अपराध शाखा गोण्डा शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय रवाना कर दिया।
