गोण्डा। मैजापुर चीनी मिल में कार्यरत एक सुरक्षा कर्मी ने भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष को प्रार्थनापत्र देकर संगठन के पदाधिकारी प्रदीप राय पर स्थायी नौकरी दिलाने के नाम पर ₹2 लाख की ठगी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित महेन्द्र कुमार सिंह का कहना है कि वर्ष 2023 में उनसे मैजापुर चीनी मिल में कंपनी के रोल पर स्थायी सुरक्षा अधिकारी की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर नकद ₹2 लाख लिए गए थे। आरोप है कि न तो नौकरी दिलाई गई और न ही रकम वापस की गई।
प्रार्थी ने अपने शिकायती पत्र में दावा किया है कि रुपये देने के समय कई लोग मौजूद थे, जिन्हें उसने प्रत्यक्षदर्शी गवाह बताया है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति पर पहले भी कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर धन लेने के आरोप लग चुके हैं। शिकायत में कुछ अन्य व्यक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि उनके द्वारा शिकायत किए जाने के बाद कथित रूप से रकम वापस कर दी गई थी।
पीड़ित ने प्रदेश अध्यक्ष से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अपनी ₹2 लाख की राशि वापस दिलाने की मांग की है। उसने स्वयं को आर्थिक रूप से कमजोर बताते हुए न्याय दिलाने की अपील की है।
