मामला जनपद क़े थाना कटरा बाजार अन्तर्गत वार्ड नंबर 7 बाबूपुर का है जहाँ मृतका की भाई बबलू ने बताया की मेरी बहन को ससुरालियो ने मार डाला
एक विवाहिता फिर चढ़ी दहेज की भेंट, फांसी लगाकर हत्या का आरोप
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज हत्या का गंभीर आरोप, भाई बोला—मोटरसाइकिल और अंगूठी देने के बाद भी चार पहिया वाहन की थी मांग
एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और फांसी लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के भाई ने मामले में ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार मृतका संजू की शादी करीब चार वर्ष पूर्व बाबूपुर के वार्ड नंबर-7 थाना कटरा बाजार निवासी शिवम के साथ हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक करीब दो वर्ष की बेटी और करीब एक वर्ष का बेटा आकाश बताया जा रहा है। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही संजू को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
मृतका के भाई का आरोप है कि सास, ससुर जगदम्बा प्रसाद तिवारी और देवर अनुराग आए दिन उसकी बहन के साथ मारपीट करते थे और दहेज में चार पहिया वाहन की मांग करते थे। भाई के मुताबिक शादी में सामर्थ्य के अनुसार मोटरसाइकिल, अंगूठी समेत पर्याप्त दान-दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांग खत्म नहीं हुई।
परिजनों का कहना है कि विवाद को समाप्त कराने के लिए कई बार दोनों पक्षों के बीच बैठकर बातचीत भी की गई और परिवार बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आखिरकार संजू को फांसी लगाकर मार दिया गया और घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
