तरबगंज (गोण्डा)। क्षेत्र के किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तरबगंज विधानसभा के ढोढेपुर में नव स्थापित बी-पैक्स (प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समिति) केंद्र का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक श्री प्रेम नारायण पाण्डेय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक, बीज एवं कृषि संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नए बी-पैक्स के शुरू होने से अब क्षेत्र के किसानों को उचित दर पर उर्वरक एवं अन्य कृषि सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सकेगी और उन्हें दूर-दराज के केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी!विधायक श्री पाण्डेय ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही प्रदेश और देश की समृद्धि का आधार है। सरकार सहकारिता व्यवस्था को मजबूत कर ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि सेवाओं का विस्तार कर रही है, जिससे किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का भी आह्वान किया।उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सहकारिता विभाग के अधिकारी, बी-पैक्स समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने नए केंद्र के संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण और लाभकारी पहल बताया।
