गोण्डा। बेलसर ब्लॉक के लौव्वा टेपरा ग्राम पंचायत स्थित भारत मेज प्रोड्यूसर फाउंडेशन के कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) का सोमवार को उद्योग विभाग की टीम ने निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उपायुक्त उद्योग बाबू राम के निर्देश पर ओडीओपी जोनल कंसल्टेंट विकास वर्मा,इंट्रक्टर आईटीआई गजेंद्र पांडेय और विवेक मिश्रा ने प्लांट का निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सीईओ कुलदीप मिश्रा ने अधिकारियों को बताया कि एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत स्थापित इस प्लांट में मक्का से विभिन्न मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कुलदीप मिश्रा ने बताया कि सीएफसी के शुरू होने से जिले के हजारों मक्का उत्पादक किसानों को प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन की आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा इस परियोजना से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 10 हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्लांट की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए।
