गोंडा/बलरामपुर। जिला गन्ना अधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह एवं उपजिलाधिकारी करनैलगंज सुश्री नेहा मिश्रा की अध्यक्षता में चलाए जा रहे “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान” के तहत बलरामपुर चीनी मिल्स लि. की इकाई मैजापुर ने बड़ा कदम उठाया है। मिल प्रबंधन द्वारा गन्ना पेराई सत्र के दौरान रात में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।आज मिल परिसर में बड़े आकार के चमकीले रिफ्लेक्टर गन्ना से लदे ट्रकों, ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा अन्य ढुलाई वाहनों पर लगाए गए। इसके साथ ही मिल गेट और सभी क्रय केंद्रों पर आने वाले सैकड़ों किसानों व वाहन चालकों को रिफ्लेक्टर लगवाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई। किसानों से लदे वाहनों में लाइट, इंडिकेटर, हॉर्न व ब्रेक की नियमित जांच करने तथा रात में सफेद/पीली चमकीली पट्टी लगाने की सलाह दी गई।अधिकारियों ने कहा कि गन्ना ढुलाई के दौरान अधिकांश दुर्घटनाएं अंधेरे में वाहनों के दिखाई न देने के कारण होती हैं। रिफ्लेक्टर लगने से दूर से ही वाहन चमकते दिखेंगे, जिससे टक्कर की आशंका न के बराबर हो जाएगी। मिल प्रबंधन ने घोषणा की है कि पेराई सत्र समाप्ति तक यह अभियान अनवरत चलेगा और सभी गन्ना आपूर्तिकर्ता वाहनों पर निःशुल्क रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे।किसानों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि इससे उनकी व उनके वाहन चालकों की जान बचाने में बड़ी मदद मिलेगी। प्रशासन व मिल प्रबंधन की यह संयुक्त मुहिम क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के लिए मिसाल बन रही है।
