गोण्डा, 24 नवंबर 2025
पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान में थाना छपिया पुलिस और SOG/सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। 15 नवंबर 2025 को थाना छपिया क्षेत्र के ग्राम इटई में CSC संचालक रामकुमार वर्मा से तमंचे के बल पर 3 लाख रुपये नकद व एक लैपटॉप लूटने की घटना का सफल खुलासा करते हुए पुलिस ने 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तारी 23 नवंबर को छपिया-परशुरामपुर मार्ग पर टैरवा बाजार के आगे हुई, जब मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दो अभियुक्तों को गोली लगी। घायल अभियुक्तों की पहचान किस्मत अली उर्फ बाबा (24) निवासी घूरनपुर, बस्ती और विकास शर्मा (23) निवासी संगवा, गोण्डा के रूप में हुई। इनके तीन अन्य साथी पवन वर्मा (21), अलीमुद्दीन (22) और लवकुश यादव (22) को मौके से दबोच लिया गया।पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूटे हुए 3 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप, घटना में प्रयुक्त काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (जो पहले परशुरामपुर क्षेत्र से लूटी गई थी), एक स्प्लेंडर प्लस बाइक तथा दो अवैध तमंचे (315 बोर व 12 बोर) सहित 2 जिंदा व 2 खोखा कारतूस बरामद किए।पूछताछ में पता चला कि ये पांचों एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो लूटपाट कर पैसा बांट लेते थे और लूटी बाइक-सामान बेच देते थे। इनमें से अलीमुद्दीन और पवन वर्मा पर पहले भी SC/ST एक्ट सहित मारपीट व धमकी के मामले दर्ज हैं।घायल अभियुक्तों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी के खिलाफ लूट, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वरी मणि त्रिपाठी, SOG प्रभारी गौरव सिंह एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
