गोण्डा, 22 नवम्बर 2025
राष्ट्रीय यातायात माह के तहत जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाये जा रहे विशेष अभियान के क्रम में शनिवार को बलरामपुर चीनी मिल्स लि. की इकाई मैजापुर स्थित पदमश्री स्व. मिनाक्षी सरावगी सामुदायिक भवन में एक विशाल सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 500 से अधिक किसान, ट्रैक्टर चालक एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। पुलिस अधीक्षक श्री जायसवाल ने उपस्थित सभी लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई और कहा कि “जब भी आप दोपहिया वाहन से घर से निकलें, हेलमेट अवश्य पहनें। यह न केवल आपकी जान बचाएगा, बल्कि आपके परिवार को भी सुरक्षित रखेगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि सड़क दुर्घटनाएं ज्यादातर मामलों में लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। हेलमेट, सीट बेल्ट, रिफ्लेक्टर और ओवरलोडिंग से बचाव ही दुर्घटना रोकने का सबसे कारगर उपाय है।कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में यातायात नियमों का बेहतरीन पालन करने वाले लगभग 100 सम्मानित किसान भाइयों को मंच पर बुलाकर प्रमाण-पत्र, हेलमेट एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। इनमें प्रमुख रूप से श्री अवधेश तिवारी, राम कुमार, अहमद खाँ, कृष्ण कुमार, सीताराम, कन्हैया सिंह, देवराज सिंह कलहंस सहित कई अन्य किसान शामिल थे। सम्मानित किसानों ने हेलमेट पहनकर मंच पर आकर सभी को संदेश दिया कि “हेलमेट पहनो – सुरक्षित रहो”।साथ ही, गन्ना परिवहन में उपयोग होने वाली लगभग 400 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर मौके पर ही चमकदार रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। रात के समय ये रिफ्लेक्टर वाहनों को दूर से दिखाई देने में मदद करेंगे और टक्कर की आशंका को काफी हद तक कम करेंगे। यह कार्य पुलिस और चीनी मिल प्रबंधन के संयुक्त प्रयास से सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों में जिला गन्ना अधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह, आरटीओ श्री रामचन्द भारती, प्रभारी निरीक्षक यातायात श्री जगदम्बा गुप्ता, एसडीएम करनैलगंज सुश्री नेहा मिश्रा, क्षेत्राधिकारी करनैलगंज श्री राजेश सिंह, थानाध्यक्ष कटराबाजार श्री राजेश सिंह के अलावा बलरामपुर चीनी मिल्स की ओर से मुख्य महाप्रबंधक श्री संदीप अग्रवाल, श्री पी.के. प्रभात, श्री संतोष सिंह, श्री संजय मिश्रा, श्री बालेन्द्र सिंह एवं श्री भानू प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।बलरामपुर चीनी मिल्स के मुख्य महाप्रबंधक श्री संदीप अग्रवाल ने सभी आए हुए अतिथियों एवं किसान भाइयों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा, “सड़क सुरक्षा हमारी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। मिल प्रबंधन सदैव जनहित के कार्यों में अग्रणी रहा है और आगे भी रहेगा।” श्री अग्रवाल ने “हेलमेट पहनो – सुरक्षित रहो” का नारा दोहराते हुए सभी से वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट लगाने की अपील की।पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल ने मैजापुर चीनी मिल के जनसेवा के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि निजी संस्थान जब इस प्रकार प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने मिल प्रबंधन को आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग हर कदम पर साथ रहेगा।कार्यक्रम के अंत में सभी को जलपान कराया गया तथा उपस्थित लोगों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया। यह कार्यक्रम जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुआ।
