मेरठ, उत्तर प्रदेश के मवाना तहसील के गुडमंडी निवासी रीना गुप्ता ने अपने ससुर और सपा नेता विनोद गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रीना ने पुलिस अपर महानिदेशक, मेरठ को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर विनोद गुप्ता द्वारा संचालित होटल इंद्रप्रस्थ में वैश्यावृत्ति, शराब और जुए के अवैध धंधे का खुलासा किया है। प्रार्थना पत्र में रीना ने दावा किया कि विनोद गुप्ता न केवल होटल में वैश्यावृत्ति का रैकेट चला रहे हैं, बल्कि घर की बहुओं और बेटियों पर भी इस गोरखधंधे में शामिल होने का दबाव डालते हैं। मना करने पर मारपीट, गाली-गलौज और तलाक की धमकियां दी जाती हैं।
रीना के अनुसार, विनोद गुप्ता दिल्ली और नोएडा से गरीब लड़कियों को बहला-फुसलाकर होटल में लाते हैं और उन्हें वैश्यावृत्ति के लिए मजबूर करते हैं। इसके अलावा, हरियाणा से सस्ती नकली शराब मंगवाकर होटल में बेची जाती है, जिससे हर महीने 25-30 लाख रुपये की काली कमाई होती है। यह गोरखधंधा कथित तौर पर स्थानीय पुलिस के संरक्षण में फल-फूल रहा है, जिसमें कमाई का बड़ा हिस्सा पुलिस को जाता है। रीना ने बताया कि होटल में जुआ भी खेला जाता है, जिसे पुलिस की शह पर अंजाम दिया जाता है।
विनोद गुप्ता और उनके सहयोगियों के खिलाफ मवाना थाने में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, और वे पहले भी जेल जा चुके हैं। इसके बावजूद, स्थानीय पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे पुलिस प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है। रीना ने अपर महानिदेशक से एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि बहु-बेटियों का जीवन और सम्मान बचाया जा सके। इस मामले ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
