विकासखंड कटरा बाजार की ग्राम पंचायत कोटिया मदारा के ग्रामीणों ने वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क के निर्माण की मांग उठाई है। इसी क्रम में गांव के निवासी दीप नारायण शुक्ला पुत्र चुनमुन लाल शुक्ल ने मंडलायुक्त देवीपाटन को एक शिकायती पत्र सौंपकर गांव में पक्की सड़क बनवाने की मांग की है। दीप नारायण शुक्ला ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत के मजरा अशोकवापुर व मदारा की सड़क पर वर्ष 1995 में केवल खड़ंजा का कार्य कराया गया था। इसके बाद से न तो मरम्मत हुई और न ही पक्की सड़क का निर्माण। आज स्थिति यह है कि वह सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है और जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दिनों में सड़क दलदल और कीचड़ में बदल हो जाती है, जिससे राहगीरों को गुजरना मुश्किल हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है जिन्हें रोजाना इसी रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है। वहीं, बीमार मरीजों को अस्पताल तक ले जाना किसी चुनौती से कम नहीं रह जाता।
शिकायतकर्ता दीप नारायण शुक्ला ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत के प्रधान विशेष समुदाय से आते हैं और मजरे में उनके समुदाय की संख्या कम है। इसी कारण इस क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य नहीं कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि भेदभाव की वजह से यहां की सड़क दशकों से उपेक्षित है, जबकि अन्य जगहों पर विकास कार्य कराए जा चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब मंडलायुक्त को पत्र लिखकर उन्होंने गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इस जर्जर सड़क का निर्माण कराया जाए ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके।
