कटरा बाजार (गोंडा)। स्थानीय कस्बे में मंगलवार दोपहर बाद समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने दिनदहाड़े चाकू से एक वृद्ध व्यक्ति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान सज्जाद हुसैन पुत्र बशीर के रूप में हुई है, जिसने कथित तौर पर किसी विवाद के चलते अपने पडोसी मोहम्मद याकूब उर्फ गोली नामक वृद्ध व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला बेहद अचानक और आक्रामक था। वृद्ध याकूब पर कई वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत बीच-बचाव किया और हमलावर को अलग किया, मगर तब तक वृद्ध बुरी तरह घायल हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही कटरा बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। घायल मोहम्मद याकूब को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटरा बाजार लाया गया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद गोंडा जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
