गोण्डा। मैजापुर चीनी मिल में कार्यरत कर्मचारियों ने स्थायी (परमानेन्ट) बेज बोर्ड कराने के नाम पर लाखों रुपये की कथित वसूली किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। ऑयल मैन के पद पर कार्यरत राजेश कुमार मिश्र ने बीसीएम ग्रुप के प्रबंध निदेशक (एमडी) को भेजे शिकायती पत्र में कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राय प्रदीपचन्द पर सीजनल कर्मचारियों से धन लेने और उन्हें स्थायी नौकरी दिलाने का आश्वासन देने का आरोप लगाया है
शिकायत के अनुसार, राजेश कुमार मिश्र से वर्ष 2023 में 1.90 लाख रुपये, बालकराम से 1.60 लाख रुपये, मनीष तिवारी से 1.50 लाख रुपये तथा साधुराम से 1.60 लाख रुपये लिए जाने का दावा किया गया है। आरोप है कि कई अन्य कर्मचारियों से भी इसी प्रकार धन लिया गया, लेकिन अब तक किसी को स्थायी नहीं किया गया। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि रुपये वापस मांगने पर नौकरी से निकलवाने की धमकी दी जा रही है।एमडी को भेजे गए पत्र में पूरे मामले की गोपनीय जांच कराने की मांग की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मिल के कई कर्मचारी और अधिकारी मामले से अवगत हैं, लेकिन दबाव के कारण खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। हालांकि, संबंधित पक्ष का बयान प्राप्त होना शेष है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला श्रमिक हितों से जुड़ा बड़ा घोटाला साबित हो सकता है।
