कटरा बाजार (गोंडा)। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ग्राम जगतापुर डीहा थाना कटरा बाजार क्षेत्र में आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सीताराम यादव, आरक्षी राम सिंह एवं महिला आरक्षी अनीता बाजपेई ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
सम्मेलन के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, महिला सुरक्षा कानूनों और आपातकालीन स्थितियों में उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी। साथ ही घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, छेड़छाड़ और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
महिला आरक्षी अनीता बाजपेई ने विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों को आत्मरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें निर्भीक होकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया और पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को सराहा।
अंत में पुलिस टीम ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है और किसी भी समस्या में तुरंत सहायता प्रदान की जाएगी।
