गोण्डा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद गोण्डा में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम तुर्का मौजा नकहा में एंटी रोमियो स्क्वायड एवं महिला पुलिस टीम द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल राम सिंह, महिला आरक्षी अनीता वाजपेई एवं महिला आरक्षी फूलमती ने ग्रामीण महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भर बनने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090, 112 एवं 181 की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को छेड़छाड़, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए गए। साथ ही बेटियों को शिक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा के प्रति प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है और हर स्तर पर सहायता उपलब्ध है। इस जागरूकता अभियान से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने इसे सराहनीय पहल बताया।
