गोंडा। पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र श्री अमित पाठक ने शनिवार को जनपद गोंडा में आयोजित उ0नि0 ना0पु0 एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रथम पाली की परीक्षा के समय जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, फ.अ.अ. राजकीय इंटर कॉलेज तथा लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए।आईजी अमित पाठक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संचालित होती पाई गई। प्रशासन की ओर से परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जिससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।प्रशासन ने बताया कि भर्ती परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
