आम जनमानस के उच्च स्वास्थ हेतु और सर्दियों से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए श्याम मंदिर में योग ध्यान शिविर का आयोजन किया गया I जिसमें योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी द्वारा मंदिर परिसर में आयोजित शिविर में उपस्थित समस्त योग साधकों को अपने तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए योगाभ्यास कराया गया एवं संबंधित योगासनों एवं प्राणायाम के विषय में जानकारी भी दी गयी। इसी क्रम में योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने बताया सर्दियों से बचने के लिए नियमित रूप से योगासन और प्राणायाम करना बहुत फायदेमंद है। सूर्य नमस्कार शरीर में गर्मी पैदा करता है और प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाता है, जबकि कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भस्त्रिका जैसे प्राणायाम फेफड़ों को मजबूत करने और रक्त संचार बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इन अभ्यासों से सर्दी-जुकाम और शरीर की अकड़न से बचाव होता है।ठंड से बचने के लिए अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका और सूर्यभेदी प्राणायाम करें, जो शरीर में गर्मी बढ़ाते हैं और रक्त संचार सुधारते हैं; साथ ही, वज्रासन, भुजंगासन और सूर्य नमस्कार जैसे आसन करें जो शरीर को मजबूत और ऊर्जावान बनाते हैं, जिससे आप ठंड में भी सक्रिय और स्वस्थ महसूस कर सकते हैं। शिविर में योगाचार्य ने कहा कि योग अपनी सांस पर ध्यान देते हुए विभिन्न मुद्राओं में रहने की कला है। प्रत्येक योगासन का हमारे श्वसन तंत्र पर विशेष प्रभाव पड़ता हैI इसके चलते हमारा हृदय भी प्रभावित होता है।
शिविर में अमित गर्ग, सचिन,राजेश अग्रवाल, मुकेश ,अनमोल, ऋषभ, मीनू,नीतू, रचना,रूचि,मेघा,साधना, रोशनी,अनु, श्वेता, आदि मौजूद रहीं।
