*छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक 4 नवम्बर को — जिलाधिकारी करेंगी अध्यक्षता*
*ऑनलाइन आवेदन से भुगतान तक की प्रक्रिया पर होगी विस्तृत चर्चा*
*गोण्डा, 31 अक्तूबर 2025* - मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत आवेदन से लेकर धनराशि वितरण तक की प्रक्रिया की समीक्षा हेतु 04 नवम्बर को अपरान्ह एक बजे जिला पंचायत सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी करेंगी।
शासन ने छात्रवृत्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत समयसारिणी निर्गत की है। इसी क्रम में जनपद स्तर पर आयोजित की जा रही इस बैठक में छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति का बिंदुवार मूल्यांकन किया जाएगा। बैठक में ऑनलाइन आवेदन, शिक्षण संस्थानों द्वारा आवेदन पत्रों के अग्रसारण, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सत्यापन, प्रोफाइल लॉक एवं मास्टर डाटा लॉक की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही, मुख्यालय स्तर से भुगतान प्रक्रिया में आ रही समस्याओं की भी समीक्षा होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि जनपद के सभी हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य/प्राचार्य/नोडल अधिकारी (छात्रवृत्ति) को बैठक में समस्त अभिलेखों एवं आवश्यक सूचनाओं सहित समय से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक का उद्देश्य छात्रवृत्ति योजनाओं के लाभार्थी विद्यार्थियों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराना और सभी स्तरों पर कार्यवाही की गति तेज करना है।
