मवाना, मेरठ: दिनांक 11 जुलाई 2025 को मवाना के गुडमंडी निवासी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विनोद गुप्ता और उनके साथियों पर एक गरीब विकलांग मजदूर के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित, जो दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है, ने अनुसूचित जनजाति आयोग, भारत सरकार को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना के अनुसार, पीड़ित अपने मालिक की दुकान से एक अज्ञात ग्राहक के लिए लोहे की एंगल ले जा रहा था। ग्राहक ने भुगतान के बाद एंगल को अपने साथी के साथ ले जाना शुरू किया, तभी दो अज्ञात स्कूटी सवार तेज रफ्तार में एंगल से टकरा गए और गिर पड़े। इसके बाद ग्राहक मौके से फरार हो गए। तभी विनोद गुप्ता, उनके बेटे अमर गुप्ता, भाई मदन गुप्ता, भतीजे यश गुप्ता और 4-5 अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने पीड़ित को घेर लिया। आरोप है कि उन्होंने पीड़ित के साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां जैसे "चमार, कुत्ता, नाली का कीड़ा" दीं। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर भागा। पीड़ित ने बताया कि विनोद गुप्ता और उनके साथी पेशेवर अपराधी हैं, जिनके खिलाफ थाना मवाना में बलात्कार, जानलेवा हमला और एससी/एसटी एक्ट के तहत कई मुकदमे (मु0सं0 566/99, 107/22, 248/23, 428/24, 429/24) दर्ज हैं। ये लोग पहले भी जेल जा चुके हैं। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गरीबी और विकलांगता से जूझ रहे पीड़ित ने आयोग से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि उनके परिवार को भुखमरी से बचाया जा सके।
