करनैलगंज (गोंडा): करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुदई पुरवा निवासी महेश कुमार पुत्र राम केवल ने गम्भीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। महेश कुमार का कहना है कि उन्होंने गाटा संख्या 20/53.50 की भूमि का विधिवत बैनामा कराया था, लेकिन विपक्षीगण — सुभाष चन्द्र, अभय पुत्रगण पारस नाथ मिश्रा, विश्वास चन्द्र मिश्रा पुत्र स्व. दिनेश मिश्रा, अभिनाश मिश्रा पुत्र अभय मिश्रा — उन्हें खेत जोतने नहीं दे रहे हैं और जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने तहसील में तीन बार प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन तहसील के संग्रह अमीन ऋषभ मिश्रा, जो कथित रूप से दबंग और माफिया प्रवृत्ति के हैं, ने जबरदस्ती प्रार्थना पत्र वापस ले लिया और अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत नहीं होने दिया। महेश कुमार ने बताया कि इस घटना का वीडियो फुटेज भी उनके पास मौजूद है।
17 जुलाई 2025 को उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस सहायता मांगी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उनके अनुसार, विपक्षियों ने पुलिस के सामने ही उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी बताया कि जिन लोगों ने हमला किया, उनका गाटा संख्या 20 से कोई वैधानिक संबंध नहीं है।
महेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि दबंगों द्वारा उनकी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे के प्रयासों को रोका जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए।
