गोंडा /थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम गौरिया (ठकुरन पुरवा) के पास रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब वहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। जैसे ही ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना पर कटरा बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 47 वर्ष आंकी जा रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को महिला के बारे में कोई जानकारी हो तो वह थाना कटरा बाजार से संपर्क करे।
