मारपीट में एक पक्षीय कार्यवाही से पुलिस पर लगा सवालिया निशान।
कटरा बाजार/गोण्डा। मामला थाना कटरा बाजार के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी माधवपुर के ग्राम पंचायत उर्दी गोण्डा का है जहां बीते रविवार को हुए मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा एक पक्षीय कार्यवाही क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस्लाम पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी ऊर्दी गोण्डा की तहरीर पर पुलिस ने लगभग आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध बलवा समेत कई अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं जैद पुत्र अली हुसैन निवासी ऊर्दी गोण्डा की तहरीर पर पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की है। बीते 7 अक्टूबर को उपरोक्त दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर जमकर मारपीट हुई थी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। जिसपर कटरा बाजार पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। ठीक दो सप्ताह के बाद दोनो पक्ष बेखौफ होकर फिर भिड़े और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। अपना अपना फरियाद लेकर दोनो पक्ष फिर थाने में हाजिर हुए जहां एक पक्ष के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ और दूसरे पक्ष के विरुद्ध कोई कार्यवाही नहीं हुई जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
