महेश गोस्वामी/संदीप शुक्ला की रिपोर्ट
करनैलगंज गोण्डा ।। लापरवाही के चलते हमेशा अखबारों की सुर्खियों में रहे सी एच सी करनैलगंज के डॉक्टर अपनी लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं । कुछ ऐसा ही मामला बुधवार की देर रात्रि को सामने आया है । आपको बताते चले कि स्थानीय तहशील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिबियापुर गोसाईं में देर शाम दो पक्षों में विवाद हो गया । इस दौरान जम कर लाठी डंडे चले जिसमे करीब चार लोगों को गंभीर चोटें आईं । जिस दौरान घायलों को आनन फानन में सी एच सी करनैलगंज पहुँचाया गया । लेकिन डॉक्टर के डी सिंह व सुनील कुमार द्वारा घायलों का प्राथमिक उपचार न करके अपने मोबाईल फोन पर फेसबुक व व्हाट्सएप पर व्यस्त रहे । काफी देर बीत जाने के बाद घायल मोहित , प्रदीप व अन्य के परिजनों द्वारा जब इलाज न होते देख इसकी जानकारी मांगी गई तो डॉक्टर ने बताया कि यहाँ टांका लगाने के लिये धागे की व्यवस्था नही है बाहर स्टोर से मंगवा लीजिये ।अन्यथा बिना टांका लगाए ही इन्हें जिला अस्पताल रिफर कर दिया जाएगा और आपके केस की ऐसी की तैसी हो जाएगी । और धरती के भगवान कहे जाने वाले डॉक्टर ने ऐसा ही किया । इस दौरान दैनिक समाचार पत्र के एक रिपोर्टर से डॉक्टर द्वारा अभद्रतापूर्ण व्यवहार करने का मामला भी प्रकाश में आया है । प्राप्त जानकारी के अनुसार गंभीर चोट लगने के कारण मोहित पुत्र चंद्रशेखर को जिला अस्पताल से लखनऊ के लिए रिफर किया गया है । इस बाबत सी एच सी अधीक्षक डॉक्टर शुरेश चंद्र से दूर भाष पर सम्पर्क किया गया तो उनके द्वारा बताया गया कि मामला संज्ञान में आया है । उक्त डॉक्टर के डी सिंह , व सुनील कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है ।
