गोण्डा। जनपद गोण्डा में ब्लैकमेल और रंगदारी मांगने के गंभीर आरोपों को लेकर पुलिस अधीक्षक को एक प्रार्थना पत्र सौंपा गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मैजापुर चीनी मिल के कर्मचारी राय प्रदीप चन्द्र श्रीवास्तव ने कथित रूप से अपना नाम बदलकर "प्रदीप राय" के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई है और उसके माध्यम से लोगों को ब्लैकमेल कर ठगी करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रार्थना पत्र में आरोप है कि शिकायतकर्ता से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई तथा रकम न देने पर झूठे मानहानि और साइबर अपराध के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि मार्च 2026 में उसका फेसबुक और व्हाट्सऐप अकाउंट हैक हो गया था, जिसकी शिकायत उसने संबंधित अधिकारियों से पहले ही कर दी थी। ऐसे में कथित अपमानजनक टिप्पणियों से उसका कोई संबंध नहीं है।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में थाना कटरा बाजार में धोखाधड़ी, मारपीट और गाली-गलौज सहित अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज होने का दावा किया गया है तथा कई लोगों द्वारा भी उसके खिलाफ शिकायतें की जा चुकी हैं।शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए ब्लैकमेल, रंगदारी और साइबर ठगी से संबंधित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की प्रक्रिया अपेक्षित है।
