गोण्डा। पुलिस लाइन स्थित राजेन्द्र नाथ लाहिड़ी बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित गोरखपुर जोन की 51वीं अंतर जनपदीय जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता वर्ष-2026 का शुक्रवार को भव्य समापन हो गया। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 14 मई से 16 मई तक आयोजित की गई, जिसमें गोरखपुर जोन के 10 जनपदों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में जूडो, वुशु, ताइक्वाण्डो, कराटे एवं पेंचक सिलाट जैसी विभिन्न विधाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में कुल 234 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों में कुल 72 पुरुष एवं 57 महिला गोल्ड एवं सिल्वर मेडल अर्जित किए गए। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोण्डा श्री अमित पाठक ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मोमेंटो, प्रतीक चिन्ह एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
