गोण्डा। थाना कटरा बाजार पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए लगभग आठ माह से लापता युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार 28 जुलाई 2025 को श्रीमती कलावती पत्नी केशवराम निवासी डन्डही मौजा वीरपुर ने अपने 35 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के लापता होने की सूचना थाना कटरा बाजार में दी थी। युवक की मानसिक स्थिति सामान्य न होने के कारण मामला गंभीर माना गया और तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई।
प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी के निर्देशन में उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार व पुलिस टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में सतर्कता के दौरान SSB के जवानों को युवक संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ में उसकी पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई। SSB के HC/GD विवेकानंद त्रिपाठी एवं टीम ने सिक्किम पुलिस के सहयोग से इसकी सूचना थाना कटरा बाजार को दी।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उपनिरीक्षक अरविन्द यादव व कांस्टेबल आशीष कुमार सिक्किम के थाना देन्तांग पहुंचकर युवक को सुरक्षित वापस लेकर आए। पुलिस ने संतोष को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया। बेटे के मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है और परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
