बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की इकाई–मैजापुर द्वारा मकर संक्रांति के पावन अवसर पर दिनांक 15 जनवरी 2026 को खिचड़ी प्रसाद वितरण का भव्य कार्यक्रम सहर्ष आयोजित किया गया। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में क्षेत्र के लगभग 1000 अन्नदाता किसान भाइयों सहित अन्य श्रद्धालुजनों ने सहभागिता की और श्रद्धाभाव से खिचड़ी प्रसाद ग्रहण कर मकर संक्रांति पर्व का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर मिल परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। प्रसाद वितरण की व्यवस्था अत्यंत सुव्यवस्थित रही, जिससे सभी आगंतुकों को प्रसाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। किसानों ने मिल प्रबंधन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक श्री संदीप अग्रवाल, श्री पी०के० प्रभात, श्री मुकेश झुनझुनवाला, ठाकुर संतोष सिंह, ठाकुर बालेंद्र सिंह एवं श्रीप्रकाश सिंह सहित अनेक अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने किसानों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं और उनके सुख-समृद्धि की कामना की।
