शिकायत के निस्तारण के दौरान हुई अभद्रता, थाने में तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
कटरा बाजार (गोंडा)
थाना कटरा बाजार क्षेत्र के उर्दीगोंडा गांव में सरकारी कार्य कर रहे लेखपाल को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने लेखपाल के हाथ से सरकारी दस्तावेज छीनकर फेंक दिए और मौके पर हंगामा करते हुए राजकीय कार्य में बाधा भी उत्पन्न की। लेखपाल त्रियंबक नाथ तिवारी ने इस संबंध में थाना कटरा बाजार में तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित लेखपाल त्रियंबक नाथ तिवारी ने बताया कि वह उपजिलाधिकारी करनैलगंज के निर्देश पर उर्दीगोंडा गांव पहुंचे थे, जहां ग्राम समाज की बंजर भूमि से जुड़े एक विवाद की शिकायत प्राप्त हुई थी। भूमि का भौतिक सत्यापन और रिपोर्ट तैयार करने के दौरान गांव के निवासी महीप नरायन पुत्र सोहन निवासी शुकुल टेपरा, उर्दीगोंडा मौके पर पहुंचा और लेखपाल के कार्य में बाधा डालते हुए अभद्र व्यवहार करने लगा। लेखपाल ने बताया कि आरोपी महीप नरायन ने उनके हाथ से सरकारी दस्तावेज छीनकर फेंक दिए, जिससे न केवल राजकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न हुआ, बल्कि संवेदनशील दस्तावेजों को नुकसान पहुँचाने का प्रयास भी हुआ। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने खुलेआम गाली गलौज देते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद तहसील कार्यालय में नाराजगी का माहौल देखने को मिला। कई राजस्व कर्मचारियों और पटवारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ऐसे मामलों में सख्ती नहीं बरती गई तो भविष्य में किसी भी अधिकारी/कर्मचारी की जान को खतरा हो सकता है।
इस संबंध में थाना कटरा बाजार के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि लेखपाल की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांचोपरांत दोषी के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस प्रकार की घटना ने एक बार फिर राजस्व कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारी जहां क्षेत्रीय विवादों को सुलझाने के लिए गांव-गांव जाते हैं, वहीं कई बार उन्हें ऐसे हमलों और धमकियों का सामना करना पड़ता है। प्रशासन को अब इन मामलों में सख्ती बरतते हुए कर्मचारियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने होंगे।
