कटरा बाजार गोण्डा
जनपद गोंडा के विकासखंड कटरा बाजार अंतर्गत ग्रामसभा कोटिया मदारा में ग्राम प्रधान द्वारा कराए जा रहे खड़ंजा निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खड़ंजा मानक विहीन व घटिया सामग्री से बनाया जा रहा है, जिससे कार्य की गुणवत्ता संदेह के घेरे में है। कोटिया मदारा निवासी जग प्रसाद मौर्य पुत्र आशाराम ने जिलाधिकारी गोंडा को एक शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि ग्राम प्रधान मोहम्मद आरिफ द्वारा पीली ईंटों का प्रयोग कर खड़ंजा निर्माण कराया जा रहा है, जो मानकों के विपरीत है। इससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है और ग्रामीणों को स्थायी लाभ नहीं मिल पा रहा है।शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि ग्रामसभा कोटिया मदारा में हो रहे इस कार्य की जांच किसी सक्षम अधिकारी से कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो सरकारी विकास कार्यों की साख पर सवाल खड़े होंगे और गांव की जनता को गुणवत्तापूर्ण सुविधा नहीं मिल पाएगी। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी गंभीरता दिखाता है या फिर मामले को ठंडें बस्ते में दबा दिया जाता है।
