कौड़िया बाजार गोण्डा
कौड़िया बाजार थाना क्षेत्र के दुबहा बाजार चौकी अंतर्गत कटुवा नाला गांव में बीती रात हुई चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए न केवल लाखों के आभूषण पर हाथ साफ किया, बल्कि विरोध करने पर घर में मौजूद युवक को चाकू दिखाकर डराया और फिर उसके हाथ-पांव बांधकर बंधक बना लिया। चोरों ने घटना को बेहद सुनियोजित और निडरता के साथ अंजाम दिया, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है। पीड़ित के अनुसार घटना मंगलवार देर रात की है जब कटुवा नाला गांव स्थित एक परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था। इसी दौरान कुछ अज्ञात चोर गमछा लपेटकर मुंह ढंकते हुए चुपचाप घर में दाखिल हुए। चोरों ने पहले घर के भीतर मौजूद युवक को बंधक बनाया, उसके हाथ-पांव रस्सी से बांध दिए और चाकू दिखाकर धमकाया कि यदि शोर मचाया तो जान से मार देंगे। इसके बाद चोरों ने पूरे घर की तलाशी ली और लगभग 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर आराम से फरार हो गए। चोरी इतनी सटीकता और इत्मीनान से की गई कि किसी और को भनक तक नहीं लगी। सुबह ग्रामीणों को लगी जानकारी, पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव मे सनसनी फैल गई।पीड़ित की सूचना पर कौड़िया पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, पैरों के निशान, और अन्य जरूरी सबूतों को इकट्ठा किया।पुलिस द्वारा मौके का निरीक्षण करने के बाद आस-पास के संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम ने यह भी बताया कि इलाके की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। चोरी की इस वारदात से आहत पीड़ित ने कौड़िया बाजार थाने में लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं गांव के लोगों में इस घटना को लेकर जबरदस्त नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त ना होने के कारण चोर बेखौफ होकर इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।वहीं कुछ ग्रामीणों ने बताया कि तकरीबन 6 माह पूर्व ठीक इसी तरह की घटना एक सोनी ज्वेलर्स की दुकान में भी हुई थी जिस पर भी पुलिस अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। प्रशासन से मांग की है कि गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए। और रात्रि गश्त को अनिवार्य किया जाए।उल्लेखनीय है कि कौड़िया बाजार क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। इससे पहले भी आस-पास के गांवों में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अपराधियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।
कटुवा नाला गांव में हुई इस दुस्साहसिक चोरी ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना न केवल एक परिवार के लिए बड़ा नुकसान है, बल्कि पूरे गांव की सुरक्षा व्यवस्था पर गहरी चिंता भी उत्पन्न करती है। अब देखना यह होगा कि पुलिस चोरों को पकड़ने में कितनी तेजी दिखाती है और पीड़ित परिवार को कब न्याय मिल पाता है
