गोण्डा, 28 मई 2025 |
जनपद गोंडा में अवैध कच्ची शराब कारोबार पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में आज दिनांक 28 मई 2025 को जिलाधिकारी महोदया, उप आबकारी आयुक्त, देवीपाटन प्रभार तथा जिला आबकारी अधिकारी, गोण्डा के कुशल निर्देशन में आबकारी टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
गोपनीय सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र-3 आबकारी इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिंह एवं क्षेत्र-4 राम धनी वर्मा द्वारा गोंडा की संयुक्त टीम ने थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर मल्लाहन पुरवा तथा जैतपुर माझा में आकस्मिक दबिश दी। दबिश के दौरान टीम को ग्रामीण इलाके में अवैध रूप से चल रही एक अवैध कच्ची शराब की भट्टी का पता चला।
कार्रवाई के दौरान मौके पर लगभग 500 किलोग्राम लहन,कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त कई उपकरण, व कच्चे माल को नष्ट किया गया। इसके साथ ही 30 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद की गई। विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत 02 अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
जिला आबकारी अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद को अवैध कच्ची शराब माफियाओं से मुक्त कराना विभाग की शीर्ष प्राथमिकता है, और भविष्य में ऐसे छापेमारी अभियान और भी तेज़ किए जाएंगे।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, और यह प्रशासन द्वारा दिए जा रहे स्पष्ट संदेश का प्रतीक है कि अवैध कच्ची शराब के कारोबारियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
